जगदलपुर जाएंगे गृह मंत्री अमित शाह, नक्सली हमले में शहीद जवानों को देंगे श्रद्धांजलि https://ift.tt/eA8V8J

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के जगदलपुर का दौरा करेंगे। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर और सुकमा जिले की सीमा पर हुई मुठभेड़ में शहीद हुए 22 जवानों को गृह मंत्री श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह उन जवानों से भी मुलाकात करेंगे जो उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती हैं। इससे पहले अमित शाह ने दिल्ली में इस नक्सली हमले को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की थी। बैठक के दौरान गृहमंत्री शाह ने कहा था कि हमारे जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। हम खून खराबे को बर्दाश्त नहीं करेंगे और उचित वक्त आने पर मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। इससे पहले अधिकारियों ने बताया कि शाह ने राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भी बात की और हालात का जायजा लिया। छत्तीसगढ़ सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि बघेल ने शाह को मुठभेड़ की जानकारी देते हुए कहा कि नक्सलियों ने केवल अपनी मौजूदगी दिखाने के लिए हिंसा की है, क्योंकि लोगों का माओवादी विचारधारा से मोह भंग हो रहा है। प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री से कहा कि सुरक्षाबलों का मनोबल ऊंचा है और वे इस लड़ाई में नक्सलियों के खिलाफ जीत हासिल करेंगे। उन्होंने बताया कि शाह ने भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें नक्सलवाद के खिलाफ मिलकर लड़ेंगी और इस लड़ाई में निश्चित ही जीत हासिल की जाएगी। मुख्यमंत्री ने शाह से कहा कि राज्य सरकार ने दूरदराज के स्थानों पर स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में जो विकास कार्य किया है, उसके कारण माओवादियों की विचारधारा से लोगों का मोह भंग हो गया है और इसी वजह से नक्सली अपनी मौजूदगी दिखाने के लिए इस प्रकार की हिंसक गतिविधियां कर रहे हैं।


from Hindi News - News in Hindi - Latest News in Hindi | Prabhasakshi https://ift.tt/3unhNnr

Post a Comment

0 Comments