झारखंड में 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के लिए केन्द्र मुफ्त टीके का प्रबंध करे: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन https://ift.tt/eA8V8J

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री को सोमवार को पत्र लिख कर राज्य के 18 से 45 आयु वर्ग के लगभग एक करोड़ 57 लाख लोगों के लिए कोविड-19 के मुफ्त टीकों का इंतजाम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी का दंश झेल रहे झारखंड के लिए इस उद्देश्य के लिए लगभग 1100 करोड़ रुपये व्यय करना संभव नहीं है। प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि 18 वर्ष से 45 वर्ष के राज्य के नागरिकों को दिये जाने वाले कोविड-19 के टीकों की संख्या लगभग एक करोड़ 57 लाख होगी और इतने टीके खरीदने के लिए राज्य को कम से कम 1100 करोड़ रुपये की आवश्यकता होगी।

इसे भी पढ़ें: भारत में सुस्त पड़ी कोरोना की रफ्तार! 24 घंटे में 1.27 लाख नये मरीज, 2,795 लोगों की गयी जान

उन्होंने लिखा है कि जैसे ही टीके 12 से 18 वर्ष के बच्चों के लिए भी उपलब्ध होंगे तो इस मद में कम से कम एक हजार करोड़ रुपये की अतिरिक्त आवश्यकता होगी। सोरेन ने पत्र में लिखा है कि कोरोना महामारी के चलते पहले से ही आर्थिक तंगी झेल रहे झारखंड के लिए अपने संकुचित संसाधनों में से इतना धन अलग से व्यय करना बहुत कठिन होगा। उन्होंने अपने पत्र में यह दोहराया कि राज्य में कोरोना के खिलाफ चलाये जा रहे टीकाकरण अभियान में कम टीकों की आपूर्ति सबसे बड़ी चुनौती बन गयी है जिसे दूर किया जाना आवश्यक है।

इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र-गुजरात में भी कम हुए कोरोना के मामले, दोनों राज्यों में 18,000 नये मामले

इससे पूर्व मुख्यमंत्री सोरेन ने एक ट्वीट कर राज्य में तीन जून तक जारी लॉकडाउन को खोलने के बारे में आम लोगों की राय मांगी और आम जनता से पूछा, ‘‘साथियों, कैसा होना चाहिए अनलॉक-1?’’ सोरेन ने कहा, ‘‘स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह में आपके दिए सहयोग से हमने कोरोना के दूसरे लहर पर काबू पा लिया है। जीवन और जीविका के इस संघर्ष में अब हमारा ध्यान जीविका पर है।’’ मुख्यमंत्री की इस पहल की कांग्रेस समेत अनेक राजनीतिक दलों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशंसा की है।



from Hindi News - News in Hindi - Latest News in Hindi | Prabhasakshi https://ift.tt/34GF8FD

Post a Comment

0 Comments