मुंबई। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने मुंबई से ‘तौकते’ चक्रवाती तूफान गुजरने की भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की चेतावनी के मद्देनजर 580 मरीजों को कोविड-19 देखभाल केंद्रों से स्थानांतरित कर दिया। बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि नगर निकाय ने कोविड देखभाल केंद्रों से 580 मरीजों- बीकेसी से 243, दहिसर से 183 और मुलुंड से 154 - को मुंबई के राज्य सरकार और नगर निकाय द्वारा संचालित अस्पतालों में शनिवार रात स्थानांतरित कर दिया।
इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के 34,848 नए मामले, 960 मरीजों की मौत
आईएमडी ने घोषणा की कि चक्रवात रविवार को शहर से गुजर सकता है। इसी के मद्देनजर अधिकारी ‘बांद्रा-वर्ली सी लिंक’ एहतियातन बंद करने की संभावना पर भी विचार कर रहे हैं। बीएमसी ने शुक्रवार को शहर के अस्पतालों को सतर्क किया था कि बिस्तरों और ऑक्सीजन उपकरणों की उपलब्धता को लेकर अंतिम समय में कोई अव्यवस्था नहीं हो। अधिकारी ने बताया कि मुंबई में उपनगरीय रेल सेवा रविवार को जारी रहेगी। आईएमडी ने शनिवार को कहा था कि ‘तौकते’ और मजबूत हो गया है और यह गुजरात तट एवं केंद्र शासित प्रदेश दमन-दीव एवं दादरा-नगर हवेली तट की ओर बढ़ रहा है।
इसे भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश की बड़ी खबरें: केशव मौर्य ने किसान सम्मान निधि योजना को बताया किसानों के लिए वरदान
आईएमडी ने कहा था कि तूफान के शनिवार देर रात तक ‘‘बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान’’ में तब्दील होने की संभावना है। विभाग ने कहा था कि इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 18 मई की दोपहर के आसपास पोरबंदर और नलिया के बीच गुजरात तट को पार करने की संभावना है। आईएमडी ने कहा था कि तूफान के शनिवार देर रात या रविवार तड़के मुंबई से कुछ दूरी से गुजरने की संभावना है, इसलिए अधिक नुकसान होने की आशंका नहीं है, लेकिन मुंबई, ठाणे और पालघर में तेज हवाएं चल सकती हैं और भारी बारिश हो सकती है।
from Hindi News - News in Hindi - Latest News in Hindi | Prabhasakshi https://ift.tt/3w35v4m
0 Comments