भारत-अमेरिका सैन्य अभ्यास मुक्त हिंद-प्रशांत क्षेत्र की प्रतिबद्धता को दर्शाता है: रक्षा मंत्रालय https://ift.tt/eA8V8J

नयी दिल्ली। रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच हाल ही में संपन्न दो दिन का सैन्य अभ्यास खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने तथा प्रतिबद्धता दोहराने की दिशा में एक और मील का पत्थर रहा है। भारत और अमेरिका ने 23, 24 जून को हिंद महासागर में बहुआयामी युद्धाभ्यास किया जिसमें क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य मौजूदगी की स्थिति में अभियान संबंधी समन्वय को मजबूत करने के लिए वायु रक्षा प्लेटफॉर्मों की व्यूह-रचना शामिल है।

इसे भी पढ़ें: अफगान-अमेरिकी समुदाय की बाइडेन से अपील, कहा- अफगानिस्तान में ‘‘छद्म युद्ध’’ बंद करें पाकिस्तान

अमेरिका ने अभ्यास के लिए परमाणु संचालित विमानवाहक पोत यूएसएस रोनाल्ड रीगन के नेतृत्व में अपने नौसैनिक बेड़े के साथ ही एफ-18 लड़ाकू विमानों तथा हर मौसम में उड़ान भर सकने वाले ई-2सी हॉक आई विमान के बेड़े को भी तैनात किया। युद्धाभ्यास में भारत की ओर से जगुआर तथा सुखोई-30एमकेआई लड़ाकू विमान, हवा में ही ईंधन भरने की क्षमता वाले आईएल-78 विमान, अवाक्स (हवा में से चेतावनी और नियंत्रण करने की प्रणाली वाले) विमान तथा युद्धपोत कोच्चि एवं तेग शामिल हुए। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘यह अभ्यास समुद्रों की स्वतंत्रता तथा खुले समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र एवं नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने के लिए दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करने तथा साझेदार सेनाओं के रूप में साझा मूल्यों को रेखांकित करने की दिशा में एक और मील का पत्थर रहा।’’

इसे भी पढ़ें: कानपुर पहुंचे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी ने किया स्वागत

अमेरिकी कैरियर स्ट्राइक ग्रुप (सीएसजी) इस समय हिंद महासागर क्षेत्र में तैनात है। सीएसजी एक बड़ा नौसैनिक बेड़ा होता है जिसमें एक विमानवाहक पोत के साथ बड़ी संख्या में विध्वंसक जहाज तथा अन्य पोत होते हैं। भारत-अमेरिका रक्षा संबंध पिछले कुछ सालों में मजबूत हुए हैं। अमेरिका ने जून 2016 में भारत को बड़ा रक्षा साझेदार कहा था।



from Hindi News - News in Hindi - Latest News in Hindi | Prabhasakshi https://ift.tt/3jfJ6hh

Post a Comment

0 Comments