PM मोदी ने दिलीप कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया, सायरा बानो से की फोन पर बात https://ift.tt/eA8V8J

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभिनेता दिलीप कुमार के निधन पर दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि, ‘‘दिलीप कुमार जी को सिनेमा जगत के दिग्गज के रूप में याद किया जाएगा। वह एक अद्वितीय प्रतिभा के धनी थे और इस वजह से सभी पीढ़ियों के दर्शकों के चहेते थे। उनका निधन हमारी सांस्कृतिक दुनिया के लिए नुकसान है। उनके परिवार, मित्रों और असंख्य चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’  बता दें कि पीएम मोदी ने सायरा बानो से फोन पर बातचीत कर संवेदना जताई है।
जाने-माने अभिनेता दिलीप कुमार का लंबी बीमारी के बाद बुधवार सुबह निधन हो गया। उनके परिवार के सदस्यों और उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों ने यह जानकारी दी। कुमार 98 वर्ष के थे। हिंदी फिल्म जगत में ‘ट्रेजेडी किंग’ के नाम से मशहूर हुए दिलीप कुमार मंगलवार से हिंदुजा अस्पताल की गैर-कोविड गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती थे। कुमार का इलाज कर रहे डॉ. जलील पारकर ने कहा, ‘‘लंबी बीमारी के कारण सुबह साढ़े सात बजे उनका निधन हो गया।’’

इसे भी पढ़ें: बड़े बदलाव वाला कैबिनेट विस्तार, नेता पहुंचे दिल्ली दरबार, राष्ट्रपति भवन का अशोक हॉल शपथ ग्रहण के लिए तैयार

कुमार के पारिवारिक मित्र फैजल फारूकी ने अभिनेता के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, ‘‘भारी मन और बेहद दु:ख के साथ, मैं यह घोषणा कर रहा हूं कि कुछ मिनट पहले हमारे प्यारे दिलीप साहब का निधन हो गया। हम अल्लाह के बंदे हैं और हमें उनके पास ही लौटकर जाना होता है।’’ अभिनेता को पिछले एक महीने में कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हिंदी फिल्मों के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में गिने जाने वाले दिलीप कुमार ने 1944 में ‘ज्वार भाटा’ फिल्म से अपने कॅरियर की शुरुआत की थी और अपने पांच दशक लंबे कॅरियर में ‘मुगल-ए-आजम’, ‘देवदास’, ‘नया दौर’ तथा ‘राम और श्याम’ जैसी अनेक हिट फिल्में दीं। वह आखिरी बार 1998 में आई फिल्म ‘किला’ में नजर आए थे।


from Hindi News - News in Hindi - Latest News in Hindi | Prabhasakshi https://ift.tt/2TyX6Z3

Post a Comment

0 Comments