चंडीगढ़ । बनवारीलाल पुरोहित ने आज पंजाब के राज्यपाल के रूप में शपथ ली। पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश माननीय श्री न्यायमूर्ति रवि शंकर झा ने पंजाब राज भवन में श्री बनवारीलाल पुरोहित को पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मंच पर हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें: कपूरथला पुलिस द्वारा एक बड़े ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़, 100 करोड़ रुपये कीमत की 20 किलो हेरोइन की जब्त, दो गिरफ्तार
बनवारीलाल पुरोहित ने अंग्रेजी में शपथ ली। उन्होंने उस शपथ पत्र पर हस्ताक्षर किए जिस पर मुख्य न्यायाधीश द्वारा भी हस्ताक्षर किए गए थे। बाद में, श्री बनवारीलाल पुरोहित ने पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश, चंडीगढ़ के प्रशासक के रूप में अलग-अलग दस्तावेज़ों पर हस्ताक्षर किए।
इससे पहले मनोनीत राज्यपाल एक औपचारिक अंदाज़ में पंजाब राजभवन के विशेष पंडाल में पहुंचे। उनके साथ पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश भी थे।
पंजाब की मुख्य सचिव, श्रीमती विनी महाजन ने समारोह शुरू करने की अनुमति माँगी और श्री बनवारीलाल पुरोहित की पंजाब के राज्यपाल के रूप में नियुक्ति के वारंट को पढ़ा।
बनवारीलाल पुरोहित दोपहर पंजाब राज भवन पहुंचे और पी.ए.पी. की टुकड़ी द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उनका स्वागत पंजाब विधानसभा के स्पीकर राणा केपी सिंह, पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री ब्रह्म मोहिंद्रा और श्री मनप्रीत सिंह बादल ने किया। इस मौके पर प्रशासक के सलाहकार धरम पाल, उपायुक्त, चंडीगढ़ और चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
from Hindi News - News in Hindi - Latest News in Hindi | Prabhasakshi https://ift.tt/38rkviD
0 Comments