बाद में, रावत ने संवाददाताओं को बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिलों में बारिश से प्रभावित सड़कों और पुलों का ब्योरा सरकार को भेजें ताकि उनके लिए धन की व्यवस्था की जा सके। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में दवाइयों और खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। वहीं, प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने अपने विभाग के अधिकारियों से बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों को ठीक करने तथा यातायात बहाल करने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने को कहा है। उन्होंने लोगों से भी भारी बारिश के दौरान अपने आवागमन को सीमित रखने का आग्रह किया है। प्रदेश के आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों सहित कुल 107 सड़कें और पुल भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के कारण बंद हैं जिन्हें खोलने का प्रयास जारी है।उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उनके साथ राज्य के भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक भी मौज़ूद थे। pic.twitter.com/nA2vkLbHbv
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 29, 2021
इसे भी पढ़ें: राहुल पर भगत सिंह कोश्यारी ने कसा तंज, कहा- उन्हें मेरी टोपी के ‘काले रंग’ में ज्यादा दिलचस्पी
विभाग के अनुसार, नरेंद्र नगर में गांव भिन्नू के पास ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क कटाव के के कारण यातायात के लिए बंद है। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग तोताघाटी और पागलनाला सहित आधा दर्जन स्थानों पर भूस्खलन के चलते मलबा और पत्थर गिरने के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं, हरबर्टपुर-बडकोट राष्ट्रीय राजमार्ग जूडो के पास भूस्खलन के कारण बंद है। देहरादून-ऋषिकेश मार्ग पर शुक्रवार को टूटे रानीपोखरी पुल पर यातायात अभी बहाल नहीं हो पाया है और रानीपोखरी-भोगपुर-थानों मार्ग के जरिए यातायात को निकाला जा रहा है। इस बीच, प्रदेश के अनेक स्थानों पर लगातार बारिश जारी रही। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटों में ऋषिकेश के निकट जौलीग्रांट में 254 मिमी, सितारगंज में 60 मिमी, कपकोट में 55 मिमी, बनबसा में 53 मिमी, मुनस्यारी में 46 मिमी,नरेंद्रनगर में 40.2 मिमी, भटवाडी में 30 मिमी और गैरसैंण में 27 मिमी वर्षा दर्ज की गयी।
from Hindi News - News in Hindi - Latest News in Hindi | Prabhasakshi https://ift.tt/3kzixm3
0 Comments