मनमोहन सिंह के जल्द ठीक होने की पीएम मोदी सहित राजनीतिक जगते के लोग कर रहे हैं प्रार्थना https://ift.tt/eA8V8J

नयी दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए जिसके बाद उन्हें यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)में भर्ती कराया गया। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने मनमोहन सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। सूत्रों ने बताया कि 88 वर्षीय सिंह को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। ट्रॉमा सेंटर को कोविड के उपचार केंद्र के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें: भाजपा ने निर्वाचन आयोग से ममता बनर्जी के खिलाफ कार्रवाई का आग्रह किया

सूत्रों के मुताबिक, सिंह को सोमवार सुबह हल्का बुखार था और बाद में जांच में उनके कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। सिंह की हालत स्थिर है और वह चिकित्सकों की निगरानी में हैं। उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्री ने कोरोना रोधी के टीके की दोनों खुराक ली हैं। उपराष्ट्रपति कार्यालय ने नायडू के हवाले से ट्वीट किया, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के कोविड-19 से पीड़ित होने के बारे में पता चला। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘अपने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के उत्तम स्वास्थ्य और जल्द से जल्द उनके ठीक होने की कामना करता हूं।’’ सोनिया गांधी ने एक बयान में कहा, ‘‘मैं सुनकर बहुत चिंतित हूं कि मनमोहन सिंह अस्वस्थ हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। मैं कांग्रेस में सभी लोगों की तरफ से कामना करती हूं कि वह शीघ्र स्वस्थ हों।’’ विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा,‘‘ पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के संक्रमित होने की खबर से चिंतित हूं। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

इसे भी पढ़ें: राज्यपाल ने भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर कलेक्टर को किया फोन, जानी जिलों में कोविड संक्रमण स्थिति

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी सिंह के स्वस्थ होने की कामना की। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘प्रिय मनमोहन सिंह जी, आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। भारत को इस मुश्किल समय में आपके मार्गदर्शन और परामर्श की जरूरत है।’’ प्रियंका ने कहा, ‘‘मनमोहन सिंह जी और उनके परिवार के साथ मेरी प्रार्थनाएं हैं। कामना है कि वह इस मुश्किल से लड़ेंगे और जल्द स्वस्थ होंगे।’’

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और कई अन्य नेताओं ने भी सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। पिछले साल एक नयी दवा के कारण रिएक्शन और बुखार होने के बाद सिंह को एम्स में भर्ती कराया गया था। कई दिनों के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। वह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। साल 2009 में एम्स में उनकी बाईपास सर्जरी हुई थी।



from Hindi News - News in Hindi - Latest News in Hindi | Prabhasakshi https://ift.tt/3n3TFnb

Post a Comment

0 Comments